बीएल संतोष ने चुनाव की तैयारियों की ली समीक्षा चुनावी प्रबंधन को लेकर भाजपा ने खेला अब बड़ा दांव

भोपाल, 0८ नवंबर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार व चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उनका सबसे ज्यादा फोकस बूथ प्रबंधन पर रहा। उन्होंने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर पर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लेकर कहा कि भोपाल स्थित कॉल सेंटर से मतदाताओं को फोन कर फीडबैक लिया जाए कि पार्टी कार्यकर्ता मतदाताओं तक पहुंच रहे या नहीं। उन्होंने बूथ प्रबंधन की तैयारी को और अच्छा करने के निर्देश दिए। बीएल संतोष ने चुनाव प्रबंधन देखने वाली समितियों की बैठकें ली और नेताओं के प्रवास कार्यक्रम की जानकारी ली। अन्य राज्यों के पार्टी नेताओं के प्रवास कार्यक्रम, कितने नेता आ रहे, कहां-कहां और कौन सी विधानसभा सीटों पर प्रवास कराए जा रहे एवं किन सीटों पर किस नेता की अधिक मांग है। इसके अलावा संतोष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने चुनाव आयोग समिति की बैठक में की जा रही शिकायतों की जानकारी ली। सोशल मीडिया की बैठक में पूछा कि विपक्ष द्वारा किस तरह से अफवाह फैलाई जा रही है और उसे काउंटर कैसे किया जा रहा है। पार्टी के कॉल सेंटर को लेकर उन्होंने पदाधिकारियों से पूछा कि प्रतिदिन कितने विधानसभा क्षेत्रों में कॉल किए जा रहे हैं और उसका क्या रिस्पांस आ रहा है। साथ ही प्रबंधन में लगे बड़े नेताओं के साथ बात कर 230 विधानसभा सीटों की स्थिति जानकर आगे की कार्ययोजना पर काम करने के निर्देश दिए।

RO No. 13467/11