
रायपुर, २१ नवंबर । छत्तीसगढ़ में मतदान होने के बाद अब तीन दिसंबर को मतगणना होगी। इसके पहले कांग्रेस-भाजपा दोनों ही दलों के द्वारा सत्ता में आने का दावा किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह भाजपा की सरकार बनाने को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं।उन्होंने सोमवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि एक तरफ तो कुछ मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्रवाई कर रहा है। जिन मामलों में जांच नहीं हो रही है, उनमें भाजपा की सरकार आते ही जांच होगी और कार्रवाई होगी।उन्होंने कहा कि जितने भी भ्रष्टाचार-घपले के मामले में अवश्य ही कार्रवाई करेंगे। मामले में कांग्रेस ने पलटवार कर कहा है कि भाजपा मनगढ़ंत और बेबुनियाद आरोप लगाती है। छत्तीसगढ़ ही नहीं, केंद्र से भी भाजपा की विदाई तय हो चुकी है।रमन पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन ने कहा तीन दिसंबर के परिणाम का इंतजार सभी को है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और केंद्रीय नेतृत्व ने भी पर्याप्त समय दिया। पहले और दूसरे चरण के अभियान जिस तरह चले हैं, उससे साफ है कि स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है। हर क्षेत्र से सर्वे और कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद निष्कर्ष यही निकला है। कम से कम 52 से 54 सीटों पर भाजपा जीत रही और भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच साल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी रही, जिसने न केवल छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से कमजोर किया, बल्कि सीजीपीएससी में हुई लूट जैसे मामलों ने प्रदेश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का काम किया। भाजपा की सरकार जल्द से जल्द इन सभी घोटालों पर जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलवाएगी। कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन के आरोपों पर कांग्रेस ने भी तीखा पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छत्तीसगढिय़ा छवि को धूमिल करने के लिए झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाए तो जनता ने उनके झूठे आरोपों को खारिज कर दिया।आगे कहा कि इस चुनाव में भी कांग्रेस पर भरोसा किया। जनता ने ये भी देखा किस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चुनावी मंच में एक लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी के आरोप से घिरे रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत जैसे भाजपा के नेताओं की पीठ थपथपाते नजर आए। अब फिर कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और केंद्र में भी मोदी भाजपा की विदाई तय हैं।साथ ही बोले पूर्ववर्ती रमन सरकार के घोटालेबाजों को मोदी सरकार मात्र चार महीना और बचा सकती है। उसके बाद इनका जेल जाना तय है। अब 15 साल के भ्रष्ट कमीशनखोर भाजपा नेताओं को बचाने वाला कोई नहीं रहेगा। इन पर कड़ी कार्रवाई होगी। गरीब के पैसों की इनसे वसूली होगी और प्रदेश को पता चल जाएगा कि पनामा में खाता खुलवाने वाले कौन हैं। 36,000 करोड़ के नान घोटाला की डायरी में दर्ज मैडम सीएम, सीएम सर कौन हैं। और ऐश्वर्या रेसीडेंसी में रहने वाले कौन हैं। मोदी सरकार ने भ्रष्टाचारियों को बचाने का जो काम किया था, उन भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा मिलेगी।




















