चांपा। नगर में इस वर्ष विराट दशहरा उत्सव समिति के तत्वाधान में पूरी भव्यता के साथ शनिवार 12 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव के तहत रावण, कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जायेगा। इस दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस वर्ष आयोजित हो रहे दशहरा महोत्सव में कलेक्टर आकाश छिकारा तथा पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यह जानकारी देते हुए दशहरा महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पूरे आयोजन को भव्य तथा सफल बनाने के लिए शहर का युवा वर्ग पूरे उत्साह के साथ जुटा हुआ है। नगर का दशहरा महोत्सव भालेराय मैदान में शाम 5 बजे से प्रारंभ होकर 3.30 घंटे तक चलेगा। इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी के बीच बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जायेगा। इस वर्ष भालेराय मैदान में रावण के 40 फीट, कुंभकर्ण के 30 फीट तथा मेघनाथ के 25 फीट ऊंचे पुतले का निर्माण स्थानीय कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने बताया कि दशहरा महोत्सव में कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के अलावा स्थानीय निर्वाचित
जनप्रतिनिधि तथा समाजसेवी सहित हजारों लोगों की भीड़ पुतला दहन का हिस्सा बनेगी। रावण, कुंभकर्ण तथा मेघनाथ के पुतलों का आधुनिक तरीकै से दहन किया जायेगा। साथ ही जबलपुर की मशहूर माई की जगराता गायिका जिया खान तथा मशहूर सिंगर वाली ठाकरे अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे। पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फेसबुक, यूट्यूब के अलावा स्थानीय केबल के माध्यम से नगरवासी घर बैठे देख सकेंगे। इस वर्ष आकर्षक मंच सज्जा, लाईटिंग, लाइनेरे साउंड, पैरो साट फायरिंग फाग रंग-बिरंगे होंगे। पूरे आयोजन को भव्य, आकर्षक तथा विराट बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारी तथा सदस्यगण जुटे हुए है। चुस्त दुरुस्त रहेगी व्यवस्था-हर वर्ष रावण दहन व कार्यक्रम के समापन के बाद यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है, जिसके चलते जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। इस बार पुलिस प्रशासन व आयोजन समिति मिलकर यातायाता व्यवस्था को चुस्त रखने की व्यवस्था कर रही है, कार्यक्रम के दौरान सडक़ को वन वे रखने सहित कई कदम उठाया जायेगा ताकी कार्यक्रम के समापन के बाद जाम की स्थिति निर्मित न हो तथा लोगों परेशानी का सामना करना न पड़े।