भास्कर को अघ्र्य देने लोगों की उमड़ी भीड़

कोरबा। पर्व छठ पर रविवार की शाम छठघाट व गेदूरनाला,बालको, दीपका, कोरबा, सर्व मंगल मंदिर कुसमुडा सुराकछार घुडदेवाआदि सभी जगहों में सूर्य देव को अर्घ्य दिया गया। कोरबा के कुसमुंडा तालाब के तट पर छठ पूजा का विशेष माहौल रहा। अन्य तालाब व जलाशयों में भी सूर्य देव को अर्घ्य दिया गया। छठघाट मे दोपहर से ही छठव्रतियोंं एवं दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था।बड़ी संख्या में छठव्रती अपने पूरे परिवार एवं गाजे-बाजे के साथ छठघाट पहुंच रहे थे। शाम को पूरे विधि-विधान से सूर्य देव की आराधना की गई। छठव्रतियों ने डूबते सूर्य एवं छठमाता की आराधना की। इस दौरान आतिशबाजियां और गाजे-बाजे से माहौल रंगीन रहा। व्यावसायिक एवं अन्य कारणों से बड़ी संख्या में यहां आकर बस चुके बिहार एवं उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों द्वारा मनाया जाने वाला यह पर्व धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की संस्कृति में भी मिलता जा रहा है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इस अवसर पर छठघाट पहुंचे। जिससे छठ घाट में भीड़ कुछ ज्यादा ही दिखी। छठ पूजा के दौरान काफी भीड़ देखी गई। इसी प्रकार बालको, दीपका, कुसमुंडा, कटघोरा, बाकी मोगरा के में भी डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया।़

RO No. 13467/11