
राहौद । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर पंचायत राहौद की अध्यक्ष सत्या राजेंद्र गुप्ता को पद से पृथक करते हुए उनके स्थान पर भाजपा की वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद एवं उपाध्यक्ष मंगली बाई यादव को कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत किया है। नगर पंचायत राहौद में कांग्रेस की सत्या राजेंद्र गुप्ता अध्यक्ष थी। उनके खिलाफ भाजपा एवं कांग्रेस के पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया। नगर पंचायत का अध्यक्ष का पद रिक्त होने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने मंगली बाई यादव को नगर पंचायत अध्यक्ष मनोनीत किया है। जब तक अध्यक्ष का निर्वाचन नहीं हो जाता है तब तक उन्हें अध्यक्ष का दायित्व निभाने का आदेश दिया गया है। मंगली बाई यादव के नगर पंचायत अध्यक्ष मनोनीत होने पर उनके समर्थकों ने नगर में पटाखे फोडक़र खुशियां मनाई तथा कार्यकर्ताओं को मिठाइयां बांटी गई।



















