
शिक्षक शिवराज ने तैयार किया मतदाता जागरूकता गीत
कोरबा। जिले के चार विधानसभा क्षेत्र में दूसरे चरण के अंतर्गत 17 नवंबर को मतदान होना है। सर्वाधिक मतदाताओं की संख्या कोरबा विधानसभा क्षेत्र में मतदान करेगी जबकि सबसे कम मतदाता रामपुर क्षेत्र में अपना वोट डालेंगे। स्वीप अभियान के अंतर्गत मतदाताओं को जागरूक करने की कोशिश से प्रशासन के द्वारा की जा रही हैं। इसके साथ ही राज्यपाल शिक्षक अलंकरण से सम्मानित प्रधान पाठक पंडित शिवराज शर्मा के द्वारा भी नवाचारी कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए गीत तैयार किया गया है जो काफी पसंद किया जा रहा है।
हिंदी के साथ-साथ इसमें अंग्रेजी को भी शामिल किया गया है और कोशिश की गई है कि लोगों की समझ में आसानी से विषय वस्तु आ जाए। पूरा गीत मतदाताओं को जागरूक करने पर केंद्रित है जिसमें कई प्रकार के बिंदुओं को शामिल किया गया है। कहा गया है कि जागरूकता का मतलब जागने का होता है लेकिन हम यानी मतदाता अब तक सोए हुए है। संविधान ने भारत के नागरिकों को मताधिकार का एक बड़ा ब्रह्मास्त्र दिया है जिसके माध्यम से हम अच्छे प्रतिनिधि चुन सकते हैं, इसलिए इसे किसी भी कीमत पर खोना नही है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गायन में रुचि रखने और सैकड़ो विद्यार्थियों को अनेक प्रतियोगिताओं में सफलता दिलाने वाले शिक्षक शिवराज शर्मा ने अपने इस गीत में इस लाइन को भी जोड़ा है- माय वोट इस माय फ्यूचर।
अपने गीत के माध्यम से उन्होंने मतदाताओं का आवाहन किया है कि वे मताधिकार जरूर करें और अपनी पसंद के प्रतिनिधि को चुनने के लिए अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को पूरा भी करें। गीत में इस बात पर भी बल दिया है कि मताधिकार नागरिकों के लिए एक अच्छा हथियार है और इसका उपयोग हम स्वस्थ और सशक्त लोकतंत्र व राष्ट्र के लिए कर सकते हैं। संदेश देने की कोशिश की गई है कि मतदान दिवस को सबसे पहले इस काम को करें और इसके बाद जलपान किया जाए ताकि बाद में हमें पछताने का मौका ना मिले। पंडित शिवराज के इस गीत को अब तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में लोगों ने सुना है पसंद किया है और अपनी टिप्पणियां साझा की हैं। आसान तरीके से अपनी बात साक्षर और शिक्षित समाज तक पहुंचाने के लिए उन्होंने जो कोशिश की है उसे हर कोई सराह रहा है।
























