
भोपाल, १9 जून ।
मध्य प्रदेश में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सडक़ हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पहली दुर्घटना खरगोन क्षेत्र में हुई, जबकि एक अन्य हादसा पन्ना जिले में हुआ। खरगोन प्रतिनिधि के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। यहां इंदौर की ओर जा रही बस की मिनी ट्रक से टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद सडक़ से नीचे उतरकर पलट गई। इस दुर्घटना में दो यात्रियों की जान चली गई। दुर्घटना में 20 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। बताया गया कि यह दुर्घटना कसरावद और भीलगांव के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया था। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रक चालक को केबिन के बाहर निकाला गया।सूचना पर पुलिस-प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए थे।
घायलों को उपचार के लिए कसरावद के अस्पताल भेजा गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को इलाज के लिए खरगोर रेफर किया गया है। पन्ना प्रतिनिधि के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे हुई। पन्ना-अमानगंज घाटी पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 5 अन्य घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए पन्ना के अस्पताल भेजा गया है। मृतक और घायल सभी मजदूर बताए गए हैं।























