
जांजगीर। देश में समान आचार संहिता लागू करने की बात कहते हैं, इससे कितने लोगों को रोजगार मिलेगा, कितने लोगों को रोटी मिलेगी, किसी को क्या आवास मिल सकेगा, इसी तरह लोक सभा और राज्य विधान सभाओं के चुनाव भी एक साथ कराने से आम लोगों को क्या रोटी,रोजगार व आवास ?िमल सकेगा। 2047 का सपना दिखाते हैं, तब तक कितने लोग जिएंगे, बेवकूफ बनाने का काम करते हैं। ये तो वैसा ही है जैसे छत्तीसगढ़ी में कहावत है कब बबा मरही त कब बरा भात खाबो। ये बातें नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने गुरुवार को कचहरी चौक में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि ये हवाबाजी कर रहे हैं। डॉ. महंत ने कहा कि हमारे पुरखों ने जिले के लिए नहर बनाई और जिन्हें अभी मुखिया बनाया गया है, वो विष्णुदेव साय हसदेव अरण्य के पेड़ कटवा रहे हैं। इसका दुष्परिणाम सोचा है, इससे नहर शील्ट में बदल जाएगी। खदान शुरू होने से हाथी जंगल छोड़कर गांवों में आ जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि एक आदमी के गलत निर्णय से देश को कितना नुकसान हो सकता है, यह सोचना होगा। मोदी की गारंटी पर उन्होंने कहा कि किस बात की गारंटी है। प्रदेश सरकार ने 101 गारंटी के लिए प्रदेश सरकार ने बजट में एक पैसा तक नहीं रखा है। डॉ. महंत ने कहा कि बेवकूफ बनाने वालों का झूठ सबको अच्छा लगता है। इससे पहले सभा को विधायक ब्यास कश्यप, विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, विधायक शेषराज हरबंश व अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े के नामांकन रैली शुक्रवार को होगी। इसमें सीएम विष्णुदेव साय शामिल होंगे। लोकसभा के संयोजक कृष्णकांत चंद्रा एवं सहसंयोजक डॉ. खिलावन साहू ने बताया कि 19 अप्रैल को प्रात: 11 बजे भारतीय जनता पार्टी की नामांकन रैली जांजगीर नैला रेलवे स्टेशन चौक से शुरू होगी। सीएम विष्णुदेव साय के साथ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, सांसद गुहाराम अजगल्ले, लोकसभा प्रभारी गौरीशंकर अग्रवाल, नारायण चंदेल, सौरभ सिंह, कमला पाटले उपस्थित रहेंगे। बार-बार झूठ बोलने वाले को क्या कहा जाता है। लोग जो बोलते हैं, वहीं तो मैंने कहा था। अब मैंने प्रधानमंत्री का नाम लेना बंद कर दिया है, क्योंकि वे लोग मुझ पर चढ़ जाते हैं। ये बातें नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा लोक सभा प्रत्याशी डॉ. शिव कुमार डहरिया के नामांकन दाखिल करने के लिए आयोजित सभा के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि 15 लाख रुपए प्रत्येक व्यक्ति के खाता में देने का वादा किया था, दो करोड़ नौकरी देने का वादा था। कुछ तो नहीं हुआ। ये बार-बार झूठ बोलते हैं, ऐसे बार बार झूठ बोलने वालों को क्या कहा जाता है? जो कहा जाता है, वही तो मैंने कहा था, लेकिन वे लोग मुझ पर चढ़ गए। कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन करने वालों के बारे में डॉ. महंत ने कहा ?कि उनकी पोल खुल गई है, इसलिए वे लोग दूसरी पार्टी में जा रहे हैं। भाजपा द्वारा दिए जा रहे 400 पार के नारे पर उन्होंने कहा कि यह हो ही नहीं सकता। उन्होंने प्रति प्रश्न किया कि 370 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार खड़े किए गए हैं। इतनी सीट में 400 पार कैसे हो सकता है। 23 अप्रैल को सक्ती में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री हैं, उनका सक्ती में स्वागत है। वे वहां कितना झूठ बोल के जाएंगे, देखेंगे। लोक सभा स्तरीय आम सभा होने के कारण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जांजगीर-चांपा, अकलतरा, जैजैपुर, पामगढ़, सक्ती, चंद्रपुर, बिलाईगढ़, कसडोल सहित सभी आठ विधान सभा क्षेत्र से कार्यकर्ता सभा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। कांग्रेस के कार्यक्रम में मंच पर भीड़ न हो यह कैसे हो सकता है। गुरुवार के भी कार्यक्रम में मंच पर नेताओं की अप्रत्याशित भीड़ लग गई थी, जो भी चढ़ा उसने कुर्सी पर कब्जा कर लिया। संचालक को बार- बार बड़े नेताओं के लिए कुर्सी छोडऩे का आग्रह करना पड़ा। विधायक ब्यास कश्यप, राघवेंद्र कुमार सिंह की भी कुर्सी पर लोग बैठ गए थे। पूरी सभा के दौरान ज्यादातर समय दोनों विधायक मंच पर खड़े नजर आए।