
उज्जैन, 30 जुलाई [एजेंसी]।
महाकाल मंदिर के प्रशासनिक कार्यालय में शनिवार को कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम व एसपी सचिन शर्मा ने भगवान महाकाल की अब तक निकली सवारियों की समीक्षा की। आने वाली सवारियों की व्यवस्था के लिए पुजारी व कहारों की बैठक बुलाकर सुझाव मांगे। अधिकारियों ने सवारी में श्रद्धालुओं के साथ सद्व्यवहार करने की हिदायत भी दी।
पुजारियों ने कहा कि सवारी के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु सुरक्षा घेरा तोडक़र भीतर प्रवेश कर जाते हैं। श्रद्धालु भगवान महाकाल की पूजा अर्चना करने के लिए पालकी व भगवान महाकाल की सुरक्षा के लिए साथ चलने वाले पुजारियों से धक्का मुक्की करते हैं। बीते दिनों इस प्रकार की घटना में एक पुजारी की पसली में चोट लग गई।
हमारी मंशा कभी भी भक्तों के साथ दुव्र्यवहार की नहीं रहती है, परिस्थितिवश पालकी व भगवान की सुरक्षा के लिए भक्तों को सख्ती से हटाना पड़ता है। फिर भी प्रशासन को लगता है कि हमारी ओर से चूक हो रही है, तो पालकी की सुरक्षा बढ़ाई जाए।





















