
कोरबा। पुरुषोत्तम मास के साथ द्वितीय सावन में आज सातवें सोमवार को हर तरफ भगवान महादेव की भक्ति से वातावरण विशेष बना। भगवान के जयघोष के साथ लोगों में उत्साह का संचार होता रहा। अनेक स्थानों पर कांवर यात्रा के साथ भोग भंडारे के आयोजन हुए। समाज सेवियों ने इस कार्यक्रम का समन्वय किया।
कोरबा नगर के हसदेव घाट सर्वमंगला मंदिर से पिछली रात जल लेकर कांवरिये कनकेश्वर महादेव के लिए रवाना हुए। इसी तरह नरसिंह गंगा चैतमा से कांवरियों का समूह कटघोरा के चकचकवा पहाड़ स्थित शिव मंदिर की यात्रा पर रवाना हुआ। पाली के ऐतिहासिक शिव मंदिर में भी इसी तरह का दृश्य देखने को मिला, जहां विभिन्न क्षेत्रों से कांवर लेकर भक्त पहुंचे और भगवान का जलाभिषेक किया। इन सभी शिवालयों में स्थानीय स्तर पर श्रावणी मेला के लिए जरूरी प्रबंध किये गए और भक्तों को अतिरिक्त सहूलियत देने कोशिश की गई। नगर से लेकर उपनगरीय क्षेत्रों और अंचल के सैकड़ों शिवालयों में आज ब्रह्म मुहूर्त में पट खुलने के साथ पूजा अर्चना का दौर प्रारंभ हुआ। शंखनाद और घंटियों की आवाज ने आसपास के वातावरण को धर्ममय कर दिया। पूजा का यह सिलसिला आज रात्रि तक यूं ही जारी रहेगा।
मंत्री अग्रवाल ने कराया रुद्राभिषेक का आयोजन
सावन सोमवार पर खासतौर पर रुद्राभिषेक को लेकर लोग उत्साह दिखाते हैं। अनेक शिवालयों में इस परंपरा का निर्वहन किया गया। पुरोहितों के माध्यम से यह प्रक्रिया संपादित की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुद्राभिषेक में शामिल हुए। इस सोमवार को भी कोरबा के विधायक और प्रदेश के राजस्व आपदा प्रबंधन के मंत्री जयसिंह अग्रवाल के द्वारा आरएसएस नगर के कपिलेश्वरनाथ व पुराना बस स्टैंड स्थित शिवालय में रुद्राभिषेक कराया गया। उनके साथ पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल भी यहां पर उपस्थित हुईं। अग्रवाल परिवार ने अनेक मंदिरों में प्रसाद के साथ रुद्राक्ष का भी वितरण कर पुण्य अर्जित किया।





















