
डभरा। मां चंद्रहासिनी देवी दर्शन के लिए आए भिलाई के श्रद्धालु युवक की महानदी दरहा घाट में डूबने से लापता है। एसडीआरएफ टीम द्वारा युवक की खोजबीन जारी है। पुलिस के मुताबिक भिलाई से कैंप 1 के युवक जे रमेश 29 अपने दोस्तों के साथ मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन करने चंद्रपुर आया था। वहीं दोस्त मनोज देवांगन पिता चंदूलाल 30 एवं नरेंद्र साहू पिता सालीकराम साहू 29 के साथ रविवार की सुबह 7.30 बजे के करीब चंद्रहासिनी मंदिर के पास दरहा घाट महानदी में स्नान करते वक्त अचानक महानदी के गहरे पानी में चला गया। गहरे पानी में डूबने के बाद उसका पता नहीं चल पाया। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। चंद्रपुर थाना प्रभारी कृष्ण चंद मोहले टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। इसकी जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी गई। युवक को खोजने के एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। जो महानदी के गहरे पानी में युवक को तलाश कर रही है। अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया है। उसकी तलाश जारी है।
नदारत रहे स्थानीय अफसर
चंद्रहासिनी मंदिर के पास दरहा घाट महानदी में युवक डूबने की सूचना के बाद भी स्थानीय प्रशासन के अधिकारी एसडीएम डभरा तहसीलदार चंद्रपुर एवं पुलिस के आला अधिकारी घटना स्थल पर सुबह नहीं पहुंच पाए थे। बताया जा रहा है कि स्थानीय प्रशासन के अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर 5 घंटे बाद मौके पर पहुंचे। वे संडे की छुट्टी मनाते रहे। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी स्थानीय अधिकारी समय पर तत्काल मौके पर नहीं पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि एसडीएम से लेकर तहसीलदार अपने मुख्यालय में नहीं रहते।
कई घटनाएं हो चुकी
मां चंद्रहासिनी देवी के मंदिर के पास दरहा घाट महानदी पर ऐसी कई घटनाएं घट चुकी है। कई परिवारों के घर उजड़ चुके। लगातार हर साल नवरात्रि में पानी में डूबने से मौत हो चुकी है। इसके बाद भी आज तक मंदिर प्रशासन द्वारा दरहा घाट पर सुरक्षा या प्रतिबंध नहीं लगा है।



























