
नईदिल्ली, 0७ फरवरी । दिल्ली सरकार की कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने बुधवार को आबकारी मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।उन्होंने प्रेस वार्ता कर ईडी पर आरोप लगाया कि जांच एजेंसी आम आदमी पार्टी पर दबाव बनाने और दिखावे के लिए हमारे नेताओं के घर पर 16-16 घंटे छापेमारी कर रही है ।आप नेता ने दावा किया कि ईडी ने कल 16 घंटे की रेड में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव और सांसद के घर पर कोई तलाशी नहीं ली। उन्होंने कहा कि आज ईडी का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिद्वंदियों को खत्म करने के लिए किया जा रहा है।ईडी के पास कोई पुख्ता सबूत नहीं है। वह बेवजह छापेमारी कर माहौल बना रही है। केंद्र की मोदी सरकार विपक्ष और आम आदमी पार्टी को कुचलना चाहती है। आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया है कि आबकारी नीति मामले में ईडी को पिछले दो साल की जांच में एक भी सुबूत नहीं मिला है, जो बयान आरोपितों ने कैमरे के सामने दिए हैं, उनकी रिकॉर्डिंग डिलीट की जा रही है। आबकारी नीति मामले से जुड़े गवाहों और आरोपितों के बयान जांच एजेंसी ने बलपूर्वक और धमकी देकर दिलवाए हैं। आरोप लगाया है कि ईडी कथित आबकारी घोटाले की जो जांच कर रही है, इसमें नहीं बल्कि इसे लेकर ईडी की हो रही जांच में घोटाला है।





















