
पालघर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने 2020 में पालघर जिले में भीड़ द्वारा मारे गए दो साधुओं सहित तीन लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये के चेक सौंपे। उन्होंने शनिवार को विरार में एक समारोह में भाग लेने के दौरान पीडि़त परिजनों को चेक सौंपा। साधु कल्पवृक्ष गिरि महाराज (70), सुशील गिरि महाराज (35) और उनके ड्राइवर नीलेश तेलगड़े (30) कोविड लॉकडाउन के दौरान गढ़ चिंचोली गांव से गुजर रहे थे, तभी भीड़ ने पीट-पीटकर उन लोगों की हत्या कर दी थी। यह मामला उस समय राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां में बना रहा था और कथित तौर पर 500 लोगों की भीड़ का हिस्सा रहे कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। गिरफ्तार किए गए लोगों पर अब भी मुकदमा चल रहा है। इस अवसर पर शिंदे ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कभी भी इन तीन व्यक्तियों के परिजनों से मिलने की जहमत नहीं उठाई। शिंदे ने कहा कि उनकी शिवसेना ने अब उन्हें अपने कोष से सहायता दी है।
































