मोमिता हत्याकाण्ड को लेकर नगर में विरोध

चरचा कालरी। सात व 8 अगस्त की रात्रि देश के महानगर कोलकाता में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और उसकी निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। नगर में इसे लेकर विरोध किया गया। घटना को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने सडक़ों पर उतरकर इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया है। लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करे और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए। इस क्रम में चरचा कालरी क्षेत्र की महिलाओं में भी काफी आक्रोश नजर आया सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती सलीका अफजल ने कहा कि देश में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही है महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है कि प्रशासन अधिक सख्ती से कानून का पालन करे और समाज में जागरूकता फैलाई जाए। साथ ही, इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए हर नागरिक को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। जिससे इस देश की मातृशक्ति भी अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर सके यह घटना हमें याद दिलाती है कि हम सभी को मिलकर एक ऐसा समाज बनाना होगा जहां महिलाओं को बिना किसी भय के जीने का अधिकार हो। विरोध प्रदर्शन में काफी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं ने हिस्सा लिया।

RO No. 13467/11