
बलरामपुर। थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में औराझरिया के समीप 10 दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में सरगुजा के युवती की लाश मिलने के मामले की गुत्थी पुलिस अभी तक नहीं सुलझा सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा में पुलिस अभी भी है। यह भी स्पष्ट नहीं किया जा रहा है कि महिला की हत्या हुई है या मौत का कारण कुछ और है। बीते 19 नवंबर की शाम चार बजे के करीब औराझरिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर युवती के शव पड़े रहने की सूचना यातायात पुलिस को मिली थी। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद बताया था कि मृतका पूजा पनिका (20) ग्राम सपना थाना गांधीनगर थी। घटना के दूसरे दिन युवती के स्वजन भी बलरामपुर पहुंचे थे जिनके उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कर सौंप दिया गया था। पूजा अंबिकापुर के गांधी चौक के एक निजी कंसल्टेंसी कंपनी के कार्यालय में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्य करती थी। पूजा 16 नवंबर को वोट डालने के लिए छुट्टी ली थी जिसके बाद 19 नवंबर को उसका शव मिला। घटना के दूसरे दिन एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। युवती के शव के साथ पर्स में सात एटीएम कार्ड एक लाख का ब्लैंक चेक पांच हजार 70 रुपये नकद एक मोबाइल भी मिला था। युवती का शव सन्दिग्ध परिस्थिति में राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर पड़ा मिला था। आंख एवं पेट में चोट के निशान थे। युवती सरगुजा से क्यों किसके कहने पर आई थी। इस सब के भी सवाल जानना जरूरी है। युवती के हत्या से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।बलरामपुर कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच की जारी है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बहुत कुछ स्पष्ट होगा।























