
बिश्रामपुर। गुरुवार की रात रामनगर गांव में अपने भाई और पिता के साथ प्रेमिका के घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट कर उसे कुएं में धकेलकर उसकी हत्या कर देने के मामले में बिश्रामपुर पुलिस ने आरोपित प्रेमी समेत उसके पिता व भाई को हिरासत में ले लिया है।
मामला थाना इलाके के रामनगर गांव का है। रामनगर अडऱापारा निवासी जलिनधर सिंह ने पुलिस को उक्ताशय की सूचना दी। उसने बताया कि उसकी पुत्री पूजा सिंह 19 वर्ष गुरुवार को बंशीपुर में रहने वाले उसके डेढ़साला रगरु सिंह की पुत्री उर्मिला के साथ गांव में ही भागवत कथा की कलश यात्रा में शामिल होने गई थी। रात करीब आठ बजे जब वह गांव से वापस अपने घर आया तो उसकी पत्नी मानकुंवर रो रही थी। पूछने पर उसने बताया कि गांव का ही महेंद्र सिंह अपने भाई सत्येंद्र और पिता सुबे सिंह के साथ उसके घर आया था और उसने पूजा के साथ मारपीट की। मारपीट करने के बाद उन्होंने पूजा को बाड़ी में ले जाकर पड़ोसी मूलधर सिंह के कुआं में धकेल दिया। इससे वह डूब गई है। इस दौरान उर्मिला ने बताया कि शाम करीब पांच बजे महेंद्र सिंह ने पूजा से मोबाइल में बात कर उसे अपने घर बुलाया था और वहां भी उसके साथ मारपीट की थी। उसके बाद वे लोग घर में भी आकर उसके साथ मारपीट की और उसे बाड़ी में ले जाकर कुआं में धकेल दिया।
गांव वालों ने कुएं में डूबी पूजा को झग्गर डालकर निकालने की कोशिश की, लेकिन रात में उसे नहीं निकाला जा सका। सूचना पर विश्रामपुर पुलिस ने शुक्रवार को सुबह ग्रामीणों की मदद से कुएं के पानी में डूबने से मृत पूजा सिंह के शव को बाहर निकाल कर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसका पोस्टमार्टम कराया। इधर घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं मामले की जांच कर रहे उप निरीक्षक एसआर भगत ने घटनास्थल पर ही आरोपित प्रेमी महेंद्र सिंह समेत उसके पिता सुबे सिंह एवं भाई सत्येंद्र सिंह के विरुद्ध शून्य में हत्या का अपराध दर्ज कर तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।
























