
लखनऊ। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार कई जिलों में भारी बारिश हुई है। मौसम का मिजाज पूरे दिन उत्तर प्रदेश में बदला हुआ है। गुरुवार को कई जिलों में हुई बारिश ने उमस से राहत दिलाई। तेज हवाओं ने कई जिलों में गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई। शुक्रवार को यूपी में बारिश के आसार हैं। आगरा शहर में गुरुवार को दिन में कभी बादल छाए तो कभी धूप निकली। इससे उमस बढ़ी रहने से शहरवासी बेचैन नजर आए। अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग का 23 से 26 अगस्त तक बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। हल्की वर्षा भी हो सकती है। शहर में गुरुवार को सुबह से धूप निकली। इसके बाद बाद बादल घिर आए। दिन में कभी सूरज ने दर्शन दिए तो कभी बादलों की ओट में छिपा। शाम तक यही स्थिति बनी रही। न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य तापमान से न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।