
कानपुर देहात। युवकों के बीच मामूली बात को लेकर बुधवार को हुए झगड़े ने दूसरे दिन गुरुवार को उग्र रूप ले लिया। दो गांवों के बीच बमबाजी व फायरिंग से दहशत का माहौल हो गया। गुरुवार शाम को रनियां के फतेहपुर रोशनाई गांव के लोगों ने बमबाजी और फायरिंग के साथ दुकानों में तोडफ़ोड़ की। दूसरे पक्ष के लोगों ने आर्यनगर प्रथम गांव के लोगों पर पथराव कर दिया। घटना का वीडियो बनाने के दौरान आर्यनगर के लोगों की बहस हुई और पथराव कर दिया। इस पर घर की छत से परिवार के युवक ने आत्मरक्षा में लाइसेंसी बंदूक से दो राउंड फायर किया। कुछ लोगों को छर्रे लगे और वह जख्मी हुए। सीओ तनु उपाध्याय सर्किल का फोर्स लेकर पहुंचीं और बंदूक को कब्जे में लेने के बाद उनके परिवार की महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित निकाला। इस दौरान पुलिस का एक वाहन रोकने का प्रयास किया गया। घटना में 13 लोग घायल हुए, जिनको सीएचसी में भर्ती कराया गया।


















