योगी सरकार ने गिनाईं खूबियां, विपक्ष ने बजट पर उठाए सवाल, जातीय जनगणना पर मचा हंगामा

लखनऊ। उच्च सदन में शुक्रवार को दूसरे दिन भी अनुपूरक बजट पर सामान्य चर्चा में सत्ता पक्ष ने खूबियां गिनाईं तो विपक्ष हमलावर रहा। नेता सदन उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमने तीव्र विकास किया है। बुंदेलखंड में हर घर नल, हर घर जल योजना के माध्यम से पानी की समस्या को दूर किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि बजट की अधिक से अधिक राशि को विकास कार्यों में खर्च किया जाए।सपा के मान सिंह यादव ने बजट की आलोचना करते हुए कहा, वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सरकार ने कोई प्रावधान नहीं किया है। सपा के आशुतोष सिन्हा ने कहा कि भाजपा सरकार आउटसोर्सिंग की सरकार है। सपा के स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार जातीय जनगणना से कतरा रही है।नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा ने कहा कि यह बजट नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के निर्माण का बजट है। सत्ता पक्ष के विद्यासागर सोनकर, अश्विनी त्यागी, प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि बजट में गोरखपुर में सर्वप्रथम एनसीसी एकेडमी बनाने का प्रविधान भी किया गया है।गोविन्द नारायण शुक्ल, सुरेन्द्र चौधरी, रजनीकान्त माहेश्वरी, निर्मला पासवान, बाबू लाल तिवारी, अशोक कटारिया, ऋषिपाल सिंह, विजय बहादुर पाठक व अन्य ने भी बजट की खूबियां गिनाईं। कहा कि बजट में शौचालय निर्माण, गो-आश्रय स्थलों के निर्माण व गन्ना किसानों के लिए महत्वपूर्ण प्रविधान किया गया है। सड़कों के चौड़ीकरण व नवीनीकरण की भी समुचित व्यवस्था की गई है। विधान परिषद में गुरुवार को भी बजट पर चर्चा हुई थी।

RO No. 13467/11