रंजिश में एनआरआई पर हमला, चौथी मंजिल के फ्लैट से गिरकर मौत, पुलिस कर रही जांच

जालंधर, २० नवंबर । पठानकोट बाईपास चौक के पास बीडीए एनक्लेव सोसायटी में रविवार रात कुछ युवकों के हमले में एनआरआइ चरणजीत सिंह की चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट से नीचे गिरने से मौत हो गई। यूके के नागरिक चरणजीत की तीसरी मंजिल पर रहती निजी कॉलेज की प्रोफेसर से बहस हुई थी। इसी रंजिश में युवक उनसे झगडऩे पहुंचे थे।मामले में पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। थाना आठ की पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर सकती है। सोसायटी के लोगों ने बताया कि चरणजीत चौथी मंजिल के फ्लैट में रहते थे। तीसरी मंजिल के फ्लैट में निजी कॉलेज की प्रोफेसर रहती हैं। उनके साथ चरणजीत की किसी बात को लेकर बहस हो गई थी।रविवार रात प्रोफेसर के फ्लैट में सामान छोडऩे आए युवकों ने चरणजीत के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान वह फ्लैट से नीचे गिर गए। हमलावर खुद उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, जब उन्हें डाक्टरों से चरणजीत की मौत का पता चला तो वे फरार हो गए।जांच अधिकारी एएसआई गुरमेल सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को राउंडअप करके पूछताछ शुरू की है। सोसायटी के लोगों ने बताया कि चरणजीत इंग्लैड (यूके) के नागरिक थे और वह साल-दो साल बाद पंजाब आते थे। इस बार वह चार सप्ताह पहले अपने भांजे के साथ आए थे। ड्राइवर बिट्टू निवासी बलदंपुर ने बताया कि चरणजीत सिंह क्रिकेट मैच देखने के बहुत शौकीन थे। उन्होंने क्रिकेट विश्व कप में आस्ट्रेलिया-भारत का फाइनल मैच देखने के लिए सभी प्रोग्राम कैंसिल कर उसे रविवार को छुट्टी दे दी और कहा कि वह घर पर मैच ही देखेंगे। बिट्टू ने कहा कि उसे नहीं पता था कि चरणजीत के साथ यह हादसा हो जाएगा। वारदात को अंजाम देने के बाद सुराग छुपाने के लिए हमलावर युवक सोसायटी से भागते समय चौकीदार के कमरे में लगे डीवीआर को अपने साथ ले गए। हालांकि हमलावर युवक व उनकी कार का नंबर सोसायटी के आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। चौकीदार ने कहा कि उसने उन्हें रोकने की कोशिश की थी, लेकिन चार से पांच युवक होने के कारण वे उस पर भारी पड़े।

RO No. 13467/11