सक्ती। राज्य रेडक्रॉस के सीईओ सह जनरल सेक्रेटरी एमके राउत एवं चेयरमैन अशोक कुमार अग्रवाल की उपस्थिति में रेडक्रॉस सोसायटी की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। सीईओ ने नए सदस्यों को आजीवन सदस्यता प्रमाण पत्र दिया। इसके साथ ही राउत द्वारा कलेक्टर कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं तथा विभागों का निरीक्षण भी किया गया।
बैठक में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना भी उपस्थित रहीं। राज्य रेडक्रॉस के सीईओ सह जनरल सेक्रेटरी एमके राउत ने कहा कि रेडक्रॉस दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है। जिसका उद्देश्य लोगों में सामाजिक भावना जागृत कर नि:स्वार्थ भाव से कार्य करना है। उन्होंने जिला शाखा रेडक्रॉस की वर्तमान गतिविधियां, रेडक्रॉस दवा दुकान, ब्लड सेंटर और एंबुलेंस का संचालन, नि:क्षय मित्र अभियान, सदस्यता अभियान, प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण, शालाओं एवं महाविद्यालयों में रेडक्रॉस का गठन एवं गतिविधियों का संचालन, स्कूल-कॉलेजों के छात्राओं को फस्र्ट एड प्रशिक्षण देने की बात कही।
उन्होंने ब्लड डोनेट करने के लिए जनजागरूकता लाने, प्रत्येक गांवों में रेडक्रॉस वालिन्टियर नियुक्त करने, रेडक्रॉस सदस्यता अभियान चलाने कहा। इसके अलावा विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिया गया। बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, रेडक्रॉस के सदस्य सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे। कलेक्ट्रेट में रेड क्रॉस सोसायटी की सदस्यता प्रमाण पत्र देते सीईओ।