
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राजीव शुक्ल को हटाकर रजनी पाटिल को हिमाचल का प्रभारी नियुक्त कर दिया है। कल देर रात इसको लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। नई दिल्ली में बीते वीरवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर हुई बैठक के एक दिन बाद ही ये बदलाव किया गया है। कांग्रेस आलाकमान ने पाटिल को दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है। इस से पहले वह मई 2018 से 11 सितंबर 2020 तक हिमाचल की प्रभारी थी। तब कुलदीप राठौर थे। पाटिल का जन्म पांच दिसंबर 1958 को हुआ है। वह महाराष्ट्र से संबंध रखती हैं।राजीव शुक्ला को कांग्रेस पार्टी आला कमान ने वर्ष 2020 में हिमाचल कांग्रेस की बतौर प्रभारी नियुक्ति किया था। 2 साल बाद यानी वर्ष 2022 में हुए विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस ने प्रदेश की सत्ता में वापसी की थी। हालांकि, इसके बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश की चारों सीटों पर चुनाव हार गई थी।इसी बीच कांग्रेस पार्टी में आपसी गुटबाजी भी खुलकर सामने आई थी। रजनी पाटिल हिमाचल कांग्रेस की पहले भी प्रभारी रह चुकी है। वह प्रदेश कांग्रेस पार्टी व यहां के पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ताओं को जानती है। मौजूदा समय में हिमाचल कांग्रेस पार्टी की सभी कमेटियां चाहे वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी हो या जिला वह ब्लॉक कमेटी या सभी भंग है नई प्रभारी के समक्ष नए सिरे से कमेटियों का गठन करना सबसे पहली चुनौती होगी।
चूंकि, वह पहले हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी रह चुकी है इसलिए वह यहां की परिस्थितियों से पूरी तरह वाकिफ है। सूत्रों की माने तो पार्टी हाई कमान ने उनके इसी अनुभव को देखते हुए दोबारा से उन्हें प्रदेश प्रभारी की कमान सौंपी है इस साल के अंत में पंचायती राज चुनाव होने हैं वह अगले वर्ष कुछ नगर निगम के चुनाव है।



























