
लखनऊ, ०६ दिसम्बर । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में दो करोड़ से अधिक लोगों को नमो एप से जोड़कर विकसित भारत एंबेसडर बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से सात दिसंबर को नमो एप पर ‘विकसित भारत एंबेसडर’ नामक माड्यूल लांच करने के साथ ही यह अभियान प्रारंभ होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा मोदी एप के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप सिंह चहल ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रीय अध्यक्षों, क्षेत्रीय प्रभारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्षों, सदस्यों, ब्लाक प्रमुखों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को नमो ऐप से जोडना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अधिक से अधिक लोगों को विकसित भारत एंबेसडर बनाना है। भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि नमो एप हमारी संगठनात्मक क्रियाशीलता के प्रदर्शन का सशक्त प्लेटफार्म है। ‘विकसित भारत एंबेसडर’ माड्यूल के माध्यम से एक-एक कार्यकर्ता और नागरिकों द्वारा किए जाने वाले संगठनात्मक व रचनात्मक कार्यों को बड़ा कैनवास मिलेगा। धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता के मल्टीमीडिया मोबाइल में नमो एप डाउनलोड कराना है। सात दिसंबर से ही अभियान चलाकर ‘विकसित भारत एंबेंसडर’ माड्यूल से अधिक से अधिक लोगों को जोडऩा है। पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल से लेकर बूथ तक के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा सांसद-विधायक से लेकर सभी जनप्रतिनिधि प्रदेश में दो करोड़ से अधिक लोगों को अभियान से जोडऩे में सहभागी बनेंगे। मोदी एप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित कर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को ‘विकसित भारत एंबेसडर’ से लोगों को जोडऩे के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। वर्चुअल बैठक में केंद्र सरकार के मंत्री डॅा.महेन्द्र नाथ पांडेय, जनरल वीके सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, कौशल किशोर, अजय मिश्रा टेनी, भानु प्रताप वर्मा, पंकज चौधरी, एसपी सिंह बघेल, बीएल वर्मा, राज्य सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेबी रानी मौर्य, जयवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, अनिल राजभर, जितिन प्रसाद, राकेश सचान आदि मौजूद थे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय राय ने किया।




















