राममय हुई रायपुर

रायपुर। करोड़ों भारतीयों को जिस शुभ घड़ी की वर्षों से प्रतीक्षा थी, वह अब आ चुकी है। अयोध्या नगरी में 22 जनवरी, सोमवार को राम मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। राजधानी सडक़ों से लेकर घरों तक भगवामय हो चुकी है। मंदिर, सार्वजनिक स्थानों के साथ कालोनियों में विशेष तैयारियां की गई हैं। इस क्षण को उत्साह और उल्लास के साथ मनाने के लिए शहरवासी महीनेभर पहले से तैयारी में जुटे हुए थे। विभिन्न कालोनियों में साज-सज्जा के साथ उत्सव की तैयारी की गई है। आतिशबाजी, भजन-कीर्तन, प्रसादी वितरण के साथ रामलीला का मंचन भी होगा। रामनाम से आज पूरा शहर गूंजेगा।
चंदखुरी में नवनिर्मित मंदिर में होगी प्राण-प्रतिष्ठा
भगवान श्रीराम के ननिहाल चंदखुरी में नवनिर्मित मंदिर में श्रीराम, लक्ष्मण, जानकी की प्रतिमा प्रतिष्ठापित होने जा रही है। तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दूसरे दिन प्रतिमाओं का फलाधिवास, जलाधिवास सहित अन्य संस्कार संपन्न कराया गया। विविध संस्कारों के संपन्न होने के पश्चात प्रतिमाओं को गर्भगृह में विराजित किया गया। समारोह के अंतिम दिन सोमवार को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
समारोह में श्रीरामकिंकर विचार मिशन के अध्यक्ष संत मैथिलीशरण महाराज श्रीराम के चरित्र से प्रेरणा लेने का संदेश देंगे।

RO No. 13467/11