रिश्वत मामले में कृषि मंत्रालय के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज, पैसे नहीं देने पर कारोबार बंद करने की दे रहे थे धमकी

दिल्ली। सीबीआई ने रिश्वत मामले में पौधा संरक्षण, क्वारंटीन और भंडारण निदेशालय (पीपीक्यूएस) के दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीपीक्यूएस भारत सरकार के कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय में पौध संरक्षण प्रभाग की एक एजेंसी है। आरोपितों की पहचान संजय आर्य, संयुक्त निदेशक (प्लांट पैथोलाजी), पीपीक्यूएस फरीदाबाद और पदम सिंह, तत्कालीन पौध संरक्षण अधिकारी (पीपीओ) विशाखापत्तनम के रूप में की गई है। एफआईआर में कहा गया कि संजय आर्य ने पदम सिंह के खिलाफ राजेश आचार्य द्वारा दर्ज की गई शिकायत पर जांच की। शिकायत में राजेश आचार्य ने आरोप लगाया कि पदम सिंह निर्यातकों से पैसे की मांग कर रहे थे और पैसा नहीं देने पर कारोबार बंद करने की धमकी दे रहे थे। पूछताछ के लिए संजय आर्य ने मई 2022 में विशाखापत्तनम का दौरा किया और शिकायतकर्ता से पूछताछ की।जांच में शिकायतकर्ता राजेश आचार्य ने दोहराया कि पदम सिंह निर्यातकों से पैसे की मांग कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि उक्त जांच में एक अनुकूल रिपोर्ट देने के लिए संजय आर्य ने सतीश सिंह नामक व्यक्ति के माध्यम से पदम सिंह से दो बार में अनुचित लाभ के रूप में दो लाख रुपये स्वीकार किए हैं। सीबीआई ने कृषि मंत्रालय के अधीन आने वाले पीपीक्यूएस के दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन अधिकारियों पर रिश्वत लेने का आरोप है। सीबीआइ ने इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

RO No. 13467/11