अंबिकापुर। सरगुजा संसदीय सीट पर भाजपा ने जीत का क्रम जारी रखा है। भाजपा के चिंतामणि महाराज ने कांग्रेस की शशि सिंह को 64822 मतों से पराजित कर दिया है। चिंतामणि महाराज को ईवीएम तथा डाक मतपत्र मिलाकर कुल 713200 तथा शशि सिंह को 648378 मत हासिल हुए हैं। पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में भाजपा के जीत का अंतर कम हुआ है। चार माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में सरगुजा संसदीय सीट के आठ विधानसभा में मिली एक लाख 73 हजार 948 मतों की बढ़त को भाजपा बरकरार नहीं रख सकी।
लोकसभा चुनाव में यह घटकर 64822 रह गई है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से भाजपा ने पांचवीं बार सरगुजा संसदीय सीट पर कब्जा जमाया है लेकिन इस बार जीत का अंतर सबसे कम है। मालूम हो कि सरगुजा संसदीय सीट से कुल 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के चिंतामणि महाराज तथा कांग्रेस की शशि सिंह के बीच ही था।सरगुजा संसदीय सीट के लिए मतों की गिनती मंगलवार सुबह अंबिकापुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज के अलावा जिला मुख्यालय बलरामपुर तथा सूरजपुर में आरंभ की गई। अंबिकापुर में सीतापुर ,अंबिकापुर तथा लुंड्रा विधानसभा के मतों की गिनती हुई। बलरामपुर में सामरी और रामानुजगंज विधानसभा तथा सूरजपुर में भटगांव ,प्रतापपुर तथा सूरजपुर विधानसभा के मतों की गिनती आरंभ हुई।
मतगणना आरंभ होने के साथ ही भाजपा के चिंतामणि महाराज ने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। एक बार उनकी बढ़त 81907 मतों तक पहुंच गई थी लेकिन अंतिम के राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी शशि सिंह ने वापसी की 23 राउंड की मतगणना तथा डाक मत पत्र से मिले वोट के आधार पर भाजपा के चिंतामणि महाराज ने 64822 मतों से जीत हासिल किया।
जीत के बाद भाजपाइयों ने जमकर जश्न मनाया। भाजपा कार्यालय में सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता पहुंचे। सभी ने चिंतामणि महाराज को जीत की बधाई दी।