
मुंबई। बॉलीवुड स्टार सलमान खान के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट पर 14 अप्रैल की सुबह दो आरोपियों ने गोलीबारी की थी। इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस फायरिंग की जिम्मेदारी जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली। मुंबई पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को इस सिलसिले में वांटेड आरोपी घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में मामले में गिरफ्तार विक्की गुप्ता और सागर पाल कथित तौर पर दो बिश्नोई भाइयों से निर्देश प्राप्त कर रहे थे।


























