वाटिका पारा में हुई चोरी का राजफाश, आरोपित गिरफ्तार

बतौली। बतौली के वाटिका पारा में पिछले दिनों हुई चोरी के मामले में पुलिस को सफलता मिली है । आरोपित की गिरफ्तारी बतौली के झरगवां से की गई है। 53 हजार नकद के अलावा एक घड़ी और मोबाइल फोन की चोरी की गई थी। बतौली में चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं । ऐसे में पुलिस को चौतरफा आक्रोश का सामना करना पड़ रहा था। इस मामले में आरोपित की गिरफ्तारी से पुलिस को आंशिक रूप से राहत मिली है। इस वारदात में शामिल आरोपित उक्त घर में कई बार काम के चक्कर में जा चुका था। उसे वहां की पूरी जानकारी थी। बतौली वाटिका पारा निवासी आशीष कुमार गुप्ता पिता चंदेश्वर प्रसाद गुप्ता 40 वर्ष ने 15 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 जून को वे पारिवारिक कार्य से अपने ससुराल भटगांव गए हुए थे। शुक्रवार 14 जून की शाम सात बजे जब वे वापस आए तो घर के अंदर जाने के बाद बेडरूम का दरवाजा टूटा हुआ मिला था। घर के अंदर उन्होंने जांच की तो पता चला कि वार्डरोब का दरवाजा तोडक़र 25 हजार नकद और पूजा में रखे हुए कुछ नए नोट के बंडल कुल 53 हजार रुपये की चोरी कर ली गई थी। इसके अलावा एक पुराना मोबाइल और एक टाइटन घड़ी की भी चोरी हुई थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के साथ ही पुलिस ने छानबीन तेज कर दी थी। इधर बतौली में बढ़ती चोरियों के मद्देनजर पुलिस को लगातार दबाव झेलना पड़ रहा था। पुलिस ने साइबर सेल की भी मदद ली थी। थाना प्रभारी भरत लाल साहू टीम के साथ सक्रिय थे। प्रार्थी आशीष गुप्ता भी अपनी ओर से प्रयास कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने गहन छानबीन और पूछताछ के बाद संदेही अजय पैंकरा पिता सुरेश पैंकरा उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम झरगवां से पूछताछ की तो मामले का पर्दाफाश हो गया और संदेही ने अपराध करना स्वीकार कर लिया।

RO No. 13467/11