
हसौद। नवविवाहिता को मानसिक रूप से प्रताडि़त कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले पति, सास – ससुर और ननंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सभी आरोपित मिलकर महिला को सोने, चांदी के जेवर और अन्य बातों को लेकर प्रताडि़त करते थे। जिसकी वजह से उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला हसौद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम रिंगनी निवासी सरिता कश्यप की शादी करीब दो वर्ष पहले मरघट्टी गांव के एक युवक से हुई थी। जिससे महिला का एक बच्चा भी है। इस बीच महिला को गांव के ही दुकालू कश्यप से प्रेम हो गया। जिसके बाद महिला ने अपने पति और बच्चों को छोड ; कर करीब 6 महीन पहले दुकालू कश्यप से शादी कर ली। सामाजिक बैठक के बाद दुकालू के घर वालों ने महिला को अपना लिया था। कुछ महीने बाद महिला के ससुराल वाले महिला को मायके से लाए हुए सोने- चांदी के जेवर को पहले पति के यहां छोडक़र आ गई हो कहकर और अन्य बातों को लेकर लगातार प्रताडि़त किया करते थे। जिसकी वजह से महिला ने 5 मई को घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
महिला के फांसी लगाने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस को महिला के ससुराल वालों के द्वारा प्रताडि़त करने की जानकारी मिली। जिस पर पुलिस ने महिला के पति दुकालू कश्यप, ससुर मट्टूराम कश्यप, सास झुलबाई कश्यप, ननंद कौशिल्या कश्यप के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में अपराध दर्ज किया। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।






















