
रामानुजगंज। नगर पंचायत के रिंग रोड इलाके में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने बनाए जा रहे निर्माण को तहसीलदार के नेतृत्व में नगर पंचायत के कर्मचारियों ने ढहा दिया। जानकारी के अनुसार लकी पिता कयूम खान और इकरामुल खान पिता आजम खान उक्त भूमि पर घर बनाया जा रहा था जिसको लेकर विरोध के बाद तहसीलदार मनोज कुमार पैकरा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। तहसीलदार मनोज कुमार पैकरा ने बताया कि दोनों अतिक्रमणकारियों के द्वारा शासकीय भूमि के कुछ भाग पर अतिक्रमण की नीयत से मकान निर्माण किया जा रहा था। मौके पर पंचनामा तैयार किया और शासकीय भूमि पर मकान निर्माण को बुलडोजर के माध्यम से तोड़ दिया गया। तहसीलदार ने यह भी बताया कि रिंग रोड में कई और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए हुए हैं जो मकान बनाकर रह रहे हैं उन्हें भी चिन्हित करते हुए जल्द कार्रवाई की जाएगी। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बनाए जाने की कलेक्टर रिमिजियुस एक्का से नगर पंचायत उपाध्यक्ष बजरंगी गुप्ता, पार्षद अशोक जायसवाल, श्वेता दास, ललिता कश्यप, खुशबू जायसवाल, अशोक गौड़ और मुकेश जायसवाल के द्वारा शिकायत की गई थी। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के द्वारा मछली बाजार हेतु भूमि आवंटित की गई था और उक्त दोनों व्यक्ति द्वारा रातों रात कब्जा करने की नीयत से दीवार उठाते हुए मकान निर्माण किया जा रहा था।





















