नई दिल्ली: संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार 25 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। यह सत्र 20 दिसंबर तक चलेगा। परंपरा के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्र के पहले दिन संसद भवन परिसर में हंस द्वार के समीप महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देंगे। संविधान दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर 26 नवंबर को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम संविधान सदन में होगा। गौरतलब है कि संसद के पुराने भवन को अब संविधान सदन कहा जाता है जहां सेंट्रल हॉल में संविधान दिवस का कार्यक्रम होगा।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्रालय ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ आयोजित की जा रही है। संविधान दिवस का यह कार्यक्रम पर संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में होगा। इस सत्र में दोनों सदनों की 19- 9 बैठकें होनी हैं जबकि 26 नवंबर को राज्यसभा और लोकसभा की बैठकें नहीं होंगी। सरकार ने सत्र में विचार के लिए वक्फ (संशोधन) विधेयक सहित 16 विधेयकों की सूची तैयार की है। लोकसभा में आठ और राज्यसभा में दो विधेयक लंबित हैं।