संसदीय चुनाव की तैयारियों में झौंक दो पूरी ताकत भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने दिए निर्देश

जम्मू, ०२ दिसम्बर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने जम्मू कश्मीर में संसदीय चुनाव के लिए पूरी ताकत झौंक देने के निर्देश दिए हैं। भाजपा लोगों का विश्वास हासिल कर प्रदेश की सभी पांच संसदीय सीटों को जीतने के लिए पूरा जोर लगाएगी। शुक्रवार को जम्मू में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष व राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग की अध्यक्षता में दिन भर चली बैठकें में मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर लोगों के बीच जाने की रणनीति बनी। सुबह प्रदेश पदाधिकारियों व दोपहर को कोर ग्रुप की बैठक में जम्मू कश्मीर में भाजपा को जमीनी सतह पर मजबूत बनाने की दिशा में हुई कार्रवाई पर चर्चा करने के साथ आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों के अनुसार दिसंबर माह के दूसरे पखवाड़े से जमीनी सतह पर भाजपा के कार्यक्रम और तेज हो जाएंगे। वहीं जनवरी माह से प्रदेश भाजपा के दिग्गजों के दौरे भी तेज हो जाएंगे। उच्च स्तरीय इन बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना, सह प्रभारी आशीष सूद, प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डा जितेन्द्र सिंंह, सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा के सदस्य गुलाम अली खटाना, राष्ट्रीय सचिव डा नरेन्द्र सिंह, महासचिव विबोध गुप्ता ने हिस्सा लेकर पार्टी की तैयारियों , मौजूदा राजनीतिक हालात व मोदी सरकार की उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर आत्मंमथन किया। उनके साथ इस बैठक में वरिष्ठ नेता डा निर्मल सिंह सांसद शमशेर सिंह मन्हास, कविन्द्र गुप्ता, अशोक कौल भी बैठक में मौजूद रहे। इससे पहले वीरवार को जम्मू में भाजपा व आरएसएस नेताओं की क्लोज डोर बैठक भी हुई थी। जम्मू के त्रिकुटनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में सुबह दस बजे के करीब शुरू हुई प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर पर आउटरीच कार्यक्रम की समीक्षा हुई। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने बूथ जन संवाद अभियान, विकसित भारत संकल्प यात्रा को कामयाब बनाने की दिशा में हो रही कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान आउटरीच कार्यक्रम में शामिल युवा समूहों के माध्यम से मिली शिकायतों व फीडबैक पर भी चर्चा हुई। प्रदेश में बूथ जन संवाद अभियान व जन संपर्क कार्यक्रम 24 अक्टूबर को शुरू हुआ था। राष्ट्रीय महासचिव ने वार्ड स्तर पर चलाए गए कार्यक्रमों के बारे जिला प्रभारियों, जिला प्रधानों व मोर्चा प्रभारियों में भी जानकारी ली।इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे से साढ़े तीन बजे तक कोर ग्रुप की बैठक में जनउम्मीदों को पूरा कर जमीनी सतह पर सशक्त होने के कार्यों पर चर्चा हुई। इस दौरान यह तय हुआ कि पार्टी नेता व कार्यकर्ता आपसी समन्वय से राजनीतिक लक्ष्य हासिल करेंगे। भाजपा, सरकार की उपलब्धियों को जमीनी सतह तक पहुंचाने के साथ लोगों को केंद्रीय योजनाओं को लाभ दिला उनका विश्वास जीतेगी। इस दौरान मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा करने के साथ विपक्षी दलों के दुष्प्रचार का जोरदार जवाब देने का मुद्दा चर्चा भी आया।वहीं बैठक में बाद जम्मू-कश्मीर भाजपा के सह-प्रभारी आशीष सूद ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हमने प्रदेश में जारी अपने अभियानों की समीक्षा की है। इसके साथ जन उम्मीदों पर भी विचार विमर्श हुआ है। भाजपा के युवा कार्यकर्ता इस समय जोरशोर से लोगों तक पहुंच रहे हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने कहा कि भाजपा जम्मू-कश्मीर की सभी पांच संसदीय सीटों पर चुनाव लड़ कर जीत हासिल करेगी। रैना ने कहा कि हम संसदीय चुनाव के लिए तैयार हैं। हम प्रदेश में जल्द विधानसभा, पंचायत और नगर निगम चुनाव भी चाहते हैं। पार्टी इनके लिए भी तैयार है।

RO No. 13467/11