
बिश्राह, १८ सितम्बर । तहसील के कोठे बुलंदे गांव में हुई कुख्यात नशा तस्कर सन्नी कुमार की हत्या की गुत्थी को बिश्नाह पुलिस ने सुलझाते हुए सरपंच समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कुछ अन्य साथियों की तलाश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। बिश्नाह पुलिस ने इस हत्याकांड को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई एक स्कार्पियो गाड़ी, एक मोटरसाइकिल, दो टोके, एक पिस्तौल और तीन राउंड भी बरामद कर लिए हैं। पकड़े गए आरोपितों में अरनिया की कल्याण पंचायत के सरपंच युवराज सिंह पुत्र चेन सिंह, सुखदेव सिंह, मक्खन सिंह पुत्र शमशेर सिंह निवासी पल्ली, सांबा, दुष्यंत कुमार पुत्र जगजीवन शर्मा निवासी पल्ली, सांबा और नाशिर खान निवासी बिश्नाह के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि वीरवार शाम सन्नी कुमार के घर में नकाबपोश बदमाशों ने हमला किया था।उन्होंने पहले सन्नी के पांव में गोलियां मारी फिर जब वह गिर गया तो उस पर टोके से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया था। इस हमले में सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसके बाद से उसके परिवार के लोग हमलावरों की गिरफ्तार की मांग पर हंगामा करते रहे थे। जैसे ही सन्नी का अंतिम संस्कार हुआ,पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज की। इसमें खुफिया एजेंसियों की भी मदद ली गई। आखिरकार चारों आरोपितों को दबोच लिया गया। हमले के मास्टर माइंड को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांगसन्नी हत्याकांड की जांच में बिश्नाह के थाना प्रभारी विक्रम शर्मा, एसडीपीओ आरएसपुरा निखिल गोगना के अलावा एसपी हेडक्वार्टर रमनीष गुप्ता ने खुद कमान संभाली थी। इस दौरान हासिल की गई एक सीसीटीवी फुटेज में हत्यारोपित मोटरसाइकिल पर हत्या में इस्तेमाल हथियार को लहराते नजर आए।





















