
पामगढ़ । पामगढ़ ब्लाक के ग्राम हेड्सपुर में ग्रामीणों ने अपनी फसल की सुरक्षा के लिए सप्ताह भर से लगभग 50 मवेशियों को तार चिरे एक बाड़े में कैद कर रखा है। मवेशियों के चारा पानी का भी इंतजाम नहीं है। इससे कई मवेशी कमजोर हो गए हैं। गर्मी में पामगढ़ क्षेत्र के गांवों में भी ग्रीष्मालीन धान की फसल लगाई गई है। ग्राम हेड्सपुर के कुछ रकबे में भी धान की खेती हुई है। मवेशियों के खुले में होने के कारण वे फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। ऐसे में ग्रामीणों ने यह तय किया कि मवेशियों को बाड़े में बंद रखा जाएगा और खेतों में घूम रहे मवेशियों को हकालकर शासकीय प्राइमरी स्कूल के पीछे एक बाड़े में बंद कर दिया गया। यह बाड़ा तार से घिरा हुआ है। मगर यहां मवेशियों के चारा पानी का कोई प्रबंध नहीं किया गया। इससे मवेशी कमजोर हो गए हैं। ग्रामीणों को अपनीफसल की सुरक्षा के आगे मवेशियों की चिंता बिल्कुल भी नहीं है। इसके चलते सप्ताह भर से भूखे प्यास मवेशी कमजोर हो गए हैं। इसकी पड़ताल सोमवार को सुबह 7.40 बजे किया गया तो यहां लगभग 50 मवेशी बाड़े में मिले। ग्रामीणों ने फसल की सुरक्षा के लिए मवेशियों को बाड़े में रखने की बात स्वीकार की। मगर चारा पानी के संबंध में वे गोल मोल जवाब देने लगे। इसकी सूचना तहसीलदार बजरंग साहू को दी गई। तो उन्होंने पंचायत सचिव और ग्रामीणों को निर्देश दिया कि मवेशियों के चारा पानी की व्यवस्था कराई जाए तथा दो दिन के भीतर मवेशी मालिकों को अपने अपने घर मवेशियों को ले जाने का निर्देश भी दिया गया। जनपद सीईओ को भी इसकी सूचना दी गई है। बहरहाल मवेशियों के चारा पानी की व्यवस्था कर दी गई है।




















