
बरेली। अवैध रूप से पटाखे बनाने के लिए मकान में लगे बारूद के ढेर में आग से बड़ा हादसा हो गया। चाय बनाते समय फटे सिलेंडर की लपटें बारूद भरे कमरे तक पहुंची तो तेज धमाके के साथ पूरा मकान उड़ गया। आसपास के चार अन्य लोगों के मकान भी ढह गए। चीख-पुकार के बीच पुलिस ने पांच लोगों के शव निकाल लिए, जबकि कुछ अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही। देर रात तक एसडीआरएफ व पुलिस की टीमें राहत कार्य में लगी रहीं।
आबादी के बीच अवैध पटाखा बनाने पर रोकथाम न करने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने दारोगा देशराज सिंह व नाहर सिंह, सिपाही अजय व सुरेंद्र को निलंबित कर दिया। थाना प्रभारी रवि कुमार को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि सीओ गौरव सिंह के विरुद्ध जांच बैठा दी।





























