सीबीआई का छापा पड़ते ही ऑफिस से भागे सरकारी अफसर, गाजियाबाद से आई थी टीम

मेरठ, १३ फरवरी ।
मंगल पांडे नगर स्थित डिवीजन सेंट्रल जीएसटी में सीबीआई गाजियाबाद की टीम ने छापेमारी की। टीम को देखते ही पीछे के रास्ते से अधीक्षक और निरीक्षक निकल कर भाग गए। टीम ने करीब पांच घंटे तक जोन वन के सहायक आयुक्त से पूछताछ की। साथ ही रिकॉर्ड भी खंगाला गया। माना जा रहा है कि किसी मामले में रकम की डिमांड करने की शिकायत पर सीबीआई की टीम जांच करने के लिए पहुंची थी। मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर में डिवीजन सेंट्रल जीएसटी में जोन वन के सहायक आयुक्त रजनीश कुमार है, जबकि जोन बी के सहायक आयुक्ति कृष्ण कुमार है। बुधवार को कृष्ण कुमार अवकाश पर थे। दोनों ही जोन का कार्य रजनीश कुमार देख रहे थे। डिवीजन सेंट्रल जीएसटी के समीप ही सीजीएसटी का दूसरा कार्यालय भी है। अचानक ही दोपहर को करीब ढाई बजे सीबीआई गाजियाबाद की टीम दूसरे कार्यालय पर पहुंच गई। जब तक सीबीआई की टीम डिवीजन सेंट्रल जीएसटी पर पहुंची। उससे पहले ऑफिस में जानकारी पहुंच गई थी। तत्काल ही अधीक्षक आफताब सिंह और निरीक्षक विकास कुमार पीछे के रास्ते से भाग गए।सीबीआई की टीम को ऑफिस के अंदर अफरा तफरी का माहौल मिला। वहां पर काफी स्टाफ कम मिला।
सीबीआई टीम ने सहायक आयुक्त रजनीश कुमार से करीब पांच घंटे पूछताछ की। यानी टीम पौने आठ बजे के करीब ऑफिस से निकल गई। इसी दौरान टीम ने सभी कागजात की जानकारी ली। बताया जाता है कि अधीक्षक और निरीक्षक पर रकम की डिमांड का आरोप लगाकर सीबीआई में शिकायत की थी। सूचना लीक होने के बाद सभी कर्मचारी निकल गए। इसलिए टीम जांच पड़ताल कर गाजियाबाद के लिए निकल गए। छापेमारी की सूचना पर चौकी प्रभारी भी मौके पर पहुंचे थे। टीम ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस को ऑफिस के बाहर ही रोक दिया गया था।
इंस्पेक्टर शीलेश यादव ने बताया कि टीम करीब पौने आठ बजे जीएसटी ऑफिस से निकल गई थी।

RO No. 13467/10