सोनिया गांधी के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

नईदिल्ली, 0९ दिसम्बर। भारतीय राजनीति की सबसे प्रमुख नामों में से एक सोनिया गांधी का आज 77वां जन्मदिन है। सोनिया का जन्म 9 दिसंबर, 1946 को इटली में हुआ था। नेहरू-गांधी परिवार के वंशज राजीव गांधी से विवाह करने के बाद उनका जीवन बिल्कुल बदल गया। हालांकि, सोनिया गांधी शुरू में सक्रिय राजनीतिक भागीदारी से दूर रहीं, लेकिन भाग्य ने उनके लिए कुछ और ही सोच रखा था। सबसे लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों से पिछले कुछ वर्षों में सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली है। इस समय उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष के जन्मदिन के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्वीटर) पर सोनिया गांधी को बर्थडे पर विश किया और लिखा, श्रीमती सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उन्हें लंबे और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद मिले। कांग्रेस ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। कांग्रेस के ऑफिशियल सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं जो सत्यनिष्ठा, करुणा और साहस के उच्चतम गुणों का प्रतीक है। वह शक्ति का एक स्तंभ हैं जिन्होंने महान त्याग करते हुए अपना जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया है।

RO No. 13467/11