कोरबा। स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में और सुधार लाने के लिए नगर पालिका निगम कोरबा काम करने में जुट गया है। अधिकारियों के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों में विशेष ड्राइव चलाई जा रही है। काफी समय से जाम पड़ी नालियों से मलवा निकाला जा रहा है। इलाके के लोग इस बात से खुश हैं कि इसी बहाने कुछ तो राहत मिलेगी।
नगर निगम के सभी जोन में विशेष स्वच्छता ड्राइव का संचालन प्रारंभ किया गया है। निगम ने अपने अधिकारियों की ड्यूटी निगरानी के लिए लगाई है और कहा की उन्हें ऐसे सभी कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करनी होगी। इसके अलावा रिपोर्ट भी देनी होगी। स्वच्छता के मामले में निगम की ओर से जिन पार्टियों को कॉन्ट्रैक्ट दिए गए हैं, उन्हें निर्देशित किया गया है कि पूरी पारदर्शिता के साथ ऐसे कार्यों को संपादित किया जाए। लोगों की शिकायत पर रुचि ली जाए और आसपास के क्षेत्र में सभी जरूरी काम भी किया जाए। नगर निगम में संजू देवी राजपूत के द्वारा महापौर का कार्यभार ग्रहण करने के साथ अब विभिन्न प्रकार के कार्यों में अचानक से तेजी आ गई है। 10 वर्ष पहले नगर निगम में पार्षद रह चुकी संजू देवी को जनता ने कोरबा का महापौर निर्वाचित करने के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने अपना रोड मैप बना लिया है और इसके हिसाब से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचने के साथ वहां की समस्याओं को जानने और इसका निराकरण करने की प्रतिबद्धता भी जताई है। 67 वार्ड में पहले नगर पालिका निगम में लगभग 6 लाख की जनसंख्या मौजूद है। पब्लिक सेक्टर और स्टेट गवर्नमेंट की कॉलोनी के अलावा बहुत बड़ा हिस्सा सामान्य सा है जहां पर नगर निगम के द्वारा बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराया गया है। पेयजल, बिजली, सडक़ और स्वच्छता के अतिरिक्त अधो संरचना विकास जैसे कार्यों को सबसे ऊपर रखा गया है। लगातार यह जोर दिया जाता रहा है कि इन सभी सेवाओं को हर हाल में अच्छा रखा जाएगा और नागरिकों को सहूलियत दी जाएगी।
कसावट पर ध्यान : आयुक्त
नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। नागरिकों की समस्याओं को हल करना हमारी प्राथमिकता है। स्वच्छता हर समय आवश्यक है और यह वातावरण के लिए भी जरूरी है। इसके लिए अच्छी कार्य योजना बनाने के साथ उस पर काम किया जा रहा है।