
जांजगीर-चांपा। कलेक्टोरेट रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी यानी हसदेव विहार कालोनी में व्याप्त समस्याओं को लेकर कालोनी के लोगों ने बुधवार को सीएमओ व नगरपालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा है। जिसमें बिजली, पानी, सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का उल्लेख है। गौरतलब है कि कलेक्टोरेट के समीप स्थित हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में अब छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने बिजली, पानी, साफ सफाई सहित अन्य सुविधाएं देने हाथ खड़े कर दिया है। क्योंकि कालोनी को नगरपालिका को हैंडओवर कर दिया गया है। हाऊसिंग बोर्ड ने बाकायदा इसकी नोटिस नगरपालिका को तामील कर चुका है। जिससे कालोनी में निवासरत 500 परिवार के लोगों के बीच संशय की स्थिति बन चुकी है। कालोनीवासियों का कहना है कि दरअसल, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने सीएमओ नगरपालिका को 21 नवंबर को नोटिस जारी किया है। जिसमें स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी है कि 10 अगस्त 2022 को हसदेव विहार हाउसिंग बोर्ड कालोनी विधिवत नगरपालिका को हस्तांतरित कर दिया गया है। 1 सितंबर 2022 से उक्त कालोनी अंतर्गत रख रखाव, जल प्रदाय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं कालोनी में उपलब्ध कराने नगरपालिका जिम्मेदार रहेगा। इस कॉलोनी में रह रहे लोगों का कहना है कि अगर नगर पालिका परिषद द्वारा भी कॉलोनी के रखरखाव एवं समस्याओं की निराकरण के लिए ध्यान नहीं दिया गया तो वे बीच मझधार में फंस जाएंगे। आखिर उन्हें बिजली, पानी,साफ सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं कैसे मिलेगी। जिसे लेकर कालोनी के लोगों ने आपस में बैठक की और इस समस्या के निराकरण के लिए नगरपालिका के सीएमओ चंदन शर्मा व अध्यक्ष भगवान दास गढ़ेवाल को सौंपा गया। फिलहाल छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की एक नोटिस के चलते हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में जबरदस्त हड़कंप मच गया है।






















