
नई दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अब देश की नजरे इस बात पर है कि आखिर भारत किस तरह की कार्रवाई पाकिस्तान के खिलाफ करता है। हालांकि, सरकार ने कई कड़े एक्शन पाकिस्तान के खिलाफ लिए हैं। इस बीच कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने 2016 में हुए सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए हैं, जिसके बाद बीजेपी नेताओं ने उन्हें करारा जवाब दिया है। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्र सरकार से 2016 में हुए सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा, हमारे देश में कोई बम गिरे तो पता नहीं चलेगा। कहते हैं कि हमने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक किया, कुछ नहीं किया। कहीं नहीं दिखे सर्जिकल स्ट्राइक, किसी को नहीं पता चला। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मैं तो सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत हमेशा मांगता रहा हूं। पहलगाम हमले के बाद सरकार की क्षमता पर सवाल उठने लगे हैं। आज देश के लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने की जरूरत है और पूरा देश इंतजार कर रहा है कि पाकिस्तान को कब जवाब दिया जाएगा। आज 10 दिन हो गए, सरकार क्या कर रही है। उनके इस बयान के बाद देश की राजनीति फिर गरमा गई है और भाजपा नेताओं ने चन्नी के साथ-साथ राहुल गांधी को भी निशाने पर लेकर पलटवार किया है। दिल्ली की भाजपा सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने सेना और वायुसेना पर फिर सवाल उठाए हैं।
चरणजीत सिंह चन्नी ने फिर कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि सर्जिकल स्ट्राइक की गई है और उन्हें सबूत चाहिए। कांग्रेस और गांधी परिवार की ये कैसी मानसिकता है कि वे बार-बार सेना और वायुसेना पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हैं और कहते हैं कि पाकिस्तान सच बोल रहा है?”