नई दिल्ली। केरल में शनिवार को मानसून ने दस्तक दे दी। जिसके बाद राज्य में भारी बारिश देखने को मिल रही है। बारिश के कारण कई जगहों पर स्थिति काफी बिगड़ गई है। इसके ठीक एक दिन बाद मानसून महाराष्ट्र भी पहुंचा, जहां झमाझम बारिश हुई। रविवार और सोमवार की रात मुंबई में भारी बारिश देखने को मिली, जिसके कारण जनजीवन पूरी तरीके से अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, शनिवार देर रात राजधानी दिल्ली समेत आसपास के सटे इलाकों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर पेड़ उखड़ने, डालियां टूटने, जलभराव और कई अंडरपास में वाहनों के डूबने की घटनाएं हुईं। इस बीच आइए आपको बताते हैं सोमवार को मौसम कैसा रहेगा…

रविवार देर रात और सोमवार तड़के सुबह महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी देखने को मिली है। बारिश के कारण जगह-जगह पर जल भराव की स्थिति देखने को मिली है। कई जगहों पर भारी बारिश के कारण भीषण जाम भी लगा। मानसून से पहले ही हुई बारिश ने सारी व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी है। इस बीच मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, सोमवार को महाराष्ट्र के कई इलाकों और राजधानी मुंबई में भारी बारिश की संभावना है।