
मंडी । कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र के राणा बाग में सोमवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें सेब से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो नेपाली मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और एक अन्य नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत आनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, पिकअप में चालक सहित चार लोग सवार थे और सभी सेब की खेप लेकर जा रहे थे। राणा बाग के समीप सडक़ का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त था। बताया जा रहा है कि इसी वजह से पिकअप का संतुलन बिगड़ा और वह गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।


































