राहौद। दीपावली के मौके पर व्यापारी सेवा समिति, राहौद ने एक खास पहल करते हुए दीपावली मूल निवासियों के संग अभियान चलाया। समिति के सदस्य कोटा विधानसभा के ग्राम शिवतराई और अचानकमार जंगल क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने बैगा जनजाति के परिवारों के साथ दीपावली मनाई। समिति ने वहां के लोगों को मिठाइयां, नए कपड़े और उपहार बांटे।
महिलाओं को साडिय़ां, लड़कियों को सलवार-सूट, पुरुषों को पैंट-कमीज, बच्चों को चॉकलेट और खिलौने दिए गए। बच्चों के चेहरे की मुस्कान और गांव में जलते दीपक का दृश्य बहुत ही सुखद और भावुक कर देने वाला था। यह कार्यक्रम बैगा समाज के प्रमुख अंजोर सिंह बैगा और समारु सिंह बैगा की उपस्थिति में हुआ। स्थानीय लोगों ने समिति के इस काम की सराहना की और कहा कि इस तरह की मदद से उन्हें खुशी और सम्मान महसूस होता है। समिति के सदस्यों ने कहा कि यह सिर्फ एक सेवा कार्य नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्ग को साथ लेकर चलने की एक कोशिश है। व्यापारी सेवा समिति की इस पहल को लोगों ने सच्ची दीपावली कहा।