
जांजगीर। सप्ताह भर से मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन इस बार बुखार जल्दी ठीक नहीं हो रहा। पहले जहां 4-5 दिन में आराम मिल जाता था, अब मरीजों को पूरी तरह ठीक होने में 10 से 15 दिन लग रहे हैं। कुछ मामलों में रिकवरी में 20 दिन तक का समय लग रहा है।
मरीजों को सिरदर्द, जोड़ों और कमर में दर्द, थकान, कमजोरी, शरीर कांपना, सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं हो रही हैं। ये लक्षण लंबे समय तक बने रह रहे हैं। जिला अस्पताल के अनुसार, बीते कुछ दिनों से ओपीडी में रोजाना 550 से 600 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या सबसे ज्यादा है। अधिकतर मरीज वायरल बुखार, गले की खराश, बदन दर्द और सांस की तकलीफ से पीडि़त हैं।
इम्युन सिस्टम हो जाता है कमजोर वायरल की चपेट में आने का मुख्य कारण लोगों का कमजोर इम्युन सिस्टम है। ऐसे लोगों में वायरस जल्दी असर करता है। बीमार व्यक्ति का समय पर इलाज न होने पर घर के अन्य सदस्य भी संक्रमित हो सकते हैं। साथ ही मरीज डॉक्टर की दी गई दवाओं की पूरी डोज नहीं ले रहे हैं, जिससे बुखार उतरता तो है, लेकिन पूरी तरह ठीक नहीं हो रहा।
मरीज की देखभाल और इलाज जरूरी जिला अस्पताल डॉ. दीपक साहू के अनुसार वायरल फीवर एक आम समस्या है, जो वायरस के संक्रमण से होती है। यह कुछ दिनों में ठीक हो जाती है, लेकिन सही देखभाल और इलाज जरूरी है। पर्याप्त आराम, गरम हल्का भोजन, पानी की सही मात्रा और डॉक्टर की सलाह से दवाएं लेने पर आमतौर पर 3 से 7 दिन में आराम मिल जाता है।
























