
सक्ती। नगर के हृदय स्थल माने जाने वाले कचहरी चौक में लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से लगातार परेशानी हो रही है। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाला कार्यालय भी इसी चौक पर स्थित है, वहीं नगर के मुख्य कार्यालय भी इसके आसपास हैं। बावजूद इसके ट्रैफिक की स्थिति बिगड़ती जा रही है और प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। विशेषज्ञ और आम नागरिक बताते हैं कि ट्रैफिक जाम के पीछे कई कारण हैं। नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों का नगर के भीतर प्रवेश करना, सडक़ पर दुकानों का कब्जा और दुकानों की छतरियों का सडक़ तक फैलना प्रमुख कारण हैं।
फल और अन्य दुकानों की छतरियां सडक़ तक पहुंच चुकी हैं, जिससे आने-जाने वाले वाहनों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि दुकानों के पास ग्राहक अपने वाहन सडक़ पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे पीछे आने-जाने वाले वाहन प्रभावित होते हैं। कभी-कभी बड़ी चार-पहिया वाहन भी खरीदारी के दौरान सडक़ पर रोक दिए जाते हैं, जिससे ट्रैफिक और जाम बढ़ता है। कचहरी चौक नगर के सभी प्रमुख मार्गों स्टेशन, झूल कदम, गौरव पथ, बाराद्वार और खरसिया को जोड़ता है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी भी इसी चौक से गुजरते हैं, जिसके कारण यहां दबाव और बढ़ जाता है।























