
अमरैया बायपास और शारदा विहार के कई हिस्से में ऐसे नजारे, क्वालिटी पर सवाल
-तरूण मिश्रा-
कोरबा। शहर को हर हाल में नया लुक देने और तमाम तरह की समस्याओं को दूर करने की प्लानिंग नगर निगम की है। इस तरफ काम किए जा रहे हैं। भारी-भरकम खर्च करने में किसी प्रकार की न तो रोक है न कोई समस्या। अमरैया बायपास में चौड़ीकरण का काम इसी तर्ज पर चल रहा है। स्थिति यह है कि पेवर ब्लॉक के साथ किया गया चौड़ीकरण कई जगह रसातल की तरफ जा रहा है। ऐसे में कामकाज की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
खबर के अनुसार वार्ड क्रमांक-14 के अंतर्गत इस काम को स्वीकृत किया गया और मिट्टी कटिंग सहित रेत बिछाने से लेकर पेवर ब्लॉक की फीटिंग में कुल एक करोड़ 10 लाख रुपए खर्च किए जाने हैं। नगर निगम ने इस काम को ठेके पर दे रखा है। महीने भर पहले इस काम की शुरुआत की गई। अलग-अलग हिस्सों में काम को किया जाना है। शारदा विहार मुख्य मार्ग से कनेक्ट होने वाले अमरैया बायपास में गोकुल डेयरी के सामने 100 मीटर के हिस्से में सडक़ चौड़ीकरण के लिए लगाए गए पेवर ब्लॉक लगातार धंस रहे हैं। हाल ऐसा हो गया है जैसे शहर की कई सडक़ों पर गड्ढे।
यही हाल मुख्य मार्ग में कराए गए चौड़ीकरण को लेकर है। वहां भी ओम मेडिकोज और इसके आसपास इस तरह की स्थिति बनी। आसपास के लोगों ने कामकाज के तरीके पर आपत्ति दर्ज कराई तो इसे मजबूरी में ठीक कराना पड़ा। जबकि जिन इलाकों में लोगों ने कामकाज को उसका भाग्य मान लिया, वहां कोई परिवर्तन नहीं हो सका है और न ही करने की आवश्यकता समझी गई है। ये बात अलग है कि निगम की बार-बार होने वाली समीक्षा बैठकों में इस बात पर जोर दिया जाता है कि कामकाज की क्वालिटी में मनमानी बर्दाश्त नहीं होगी। अगर ऐसा है तो फिर घटिया काम कैसे चल रहे हैं।















