कोरिया बैकुंठपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में संचालित संविधान बचाओ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया द्वारा घर-घर अभियान को प्रभावी रूप से प्रारंभ किया गया। इस अभियान की तैयारी हेतु 25 मई 2025 को राजीव भवन,कांग्रेस कार्यालय,कोरिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी,जिसमें सभी कार्यक्रम प्रभारीगण को घर-घर अभियान के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों को भारतीय संविधान की मूल भावना एवं उसकी रक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करेंगे। इस अभियान की शुरुआत 26 मई 2025 को राम साय सोरी के नेतृत्व में कोरिया जिले में की गई। सोरी ने अभियान प्रभारी की भूमिका निभाते हुए चारपारा,बरपारा, आमपारा,चोपन,जटासेमर,तथा तेलाईधार पंचायतों में भ्रमण कर नागरिकों को संविधान की जानकारी दी तथा संविधान की रक्षा हेतु सजग रहने का संदेश दिया। इस अभियान में राम साय सोरी के साथ बूथ अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यकर्ता जय प्रकाश देवांगन, बिहारीलाल,हितेश सिंह,अजय सिंह, विकेश यादव, गुलफाम अली,सुमित सिंह,शिव प्रसाद,विजय मरावी सहित अनेक कांग्रेसजन सक्रिय रूप से शामिल रहे। जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने बताया कि बताया कि यह अभियान 5 जून 2025 तक सतत रूप से जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक संविधान की मूल अवधारणाएँ पहुँचाई जा सकें और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनजागरण किया जा सके।