
नईदिल्ली, ३० मई ।
कांग्रेस पार्टी और उसके वरिष्ठ नेता शशि थरूर के बीच मतभेद गहराते जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि थरूर पार्टी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं लेकिन उन्होंने 2016 में पहली बार सर्जिकल स्ट्राइक होने के बारे में जो बयान दिया, वह गलत है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने कहा कि जो लोग उनकी बातों को गलत तरीके से समझ रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि वह केवल आतंकी हमलों के जवाब में की गई कार्रवाइयों की बात कर रहे थे, न कि अतीत के युद्धों की। कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा-शशि थरूर कांग्रेस परिवार का हिस्सा हैं। हालांकि, उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में जो कहा, वह तथ्यात्मक रूप से गलत था।सुरजेवाला ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने केवल यह स्पष्ट किया है कि संप्रग सरकार के दौरान सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। यहां तक कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने भी इन सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में बात की थी।थरूर ने अपनी टिप्पणी में हाल के वर्षों में हुए कई हमलों का उल्लेख किया, जिनमें भारत की प्रतिक्रियाएं संयमित रही थीं। उन्होंने कहा था कि भारत ने 2016 में पहली बार आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक करने के लिए नियंत्रण रेखा को पार किया था, इससे पहले ये कभी नहीं हुआ था। इस पर कांग्रेस ने उन पर निशाना साधा और पार्टी सहयोगी उदित राज ने कहा था कि थरूर को भाजपा का सुपर प्रवक्ता बना दिया जाना चाहिए।थरूर ने अपनी आलोचना का जवाब देते हुए कहा- मेरे पास इसके लिए समय नहीं है। लेकिन मैं स्पष्ट रूप से केवल आतंकवादी हमलों के प्रतिशोध के बारे में बोल रहा था, न कि पिछले युद्धों के बारे में। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणियों में हाल के हमलों का उल्लेख किया गया था। उन्होंने आलोचकों की शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की प्रवृत्ति की आलोचना की। उदित राज ने थरूर पर फिर से हमला करते हुए कहा- जो प्रतिनिधिमंडल भेजे गए हैं, वे कांग्रेस का नाम खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।थरूर का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व से पहले हमने कभी पाकिस्तान के साथ लगती नियंत्रण रेखा या किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार नहीं किया। यह एक बड़ा झूठ है। राज ने यह भी कहा कि थरूर को कांग्रेस पार्टी की आलोचना करने के बजाय अपने कर्तव्यों पर ध्यान देना चाहिए।कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने राज की टिप्पणी को एक्स पर रीपोस्ट किया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने थरूर की पुस्तक द पैराडाक्सिकल प्राइम मिनिस्टर का एक स्क्रीनशाट साझा किया, जिसमें थरूर ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक का राजनीतिक फायदा उठाने के लिए मोदी सरकार की आलोचना की थी।