लौह पुरूष की जयंती पर कांग्रेस ने किया कार्यक्रम

कोरबा। भारत के प्रथम गृह मंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा तुलसी नगर स्थित सरदार पटेल स्मारक एवं जिला कांग्रेस कार्यालय टी.पी. नगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत्-शत् नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने आजादी के बाद देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि आजादी के बाद विभिन्न रियासतों के भारत में विलय कराने का कार्य सरदार पटेल की अद्भुत निर्णय क्षमता और दूरदृष्टि का परिणाम था। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने भारत के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिसके कारण उन्हें ‘लौह पुरुष’ की उपाधि से नवाजा गया। वे सदियों तक भारतीयों के दिलों में बसते रहेंगे।जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि इतिहास में अनेक महापुरुष हुए हैं, परंतु सरदार पटेल का योगदान अद्वितीय है। उन्होंने अपने कार्य और नेतृत्व से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि सरदार पटेल ने गृह मंत्री के रूप में देश के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए और विदेशों में भारत का गौरव बढ़ाया। रियासतों के विलय का कार्य अत्यंत कठिन था, लेकिन उन्होंने अद्भुत साहस और कुशलता से इसे संपन्न किया, जो हमेशा याद किया जाएगा।

 

RO No. 13467/10