14 मवेशियों की मौत पर एफआईआर दर्ज

जांजगीर। ग्राम सलखन गोठान में 14 मवेशियों की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृत मवेशियों में 7 गाय और 7 बैल शामिल हैं। घटना क?ा खुलासा 6 अक्टूबर को हुआ था, जब ग्रामीणों ने गोठान परिसर में कई मवेशियों को मृत अवस्था में देखा। सूचना मिलने पर सउनि रामप्रसाद बघेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोठान क्षेत्र के भीतर स्थित नवा तालाब के मेड़ के ऊपर और नीचे कुल 14 मवेशी मृत मिले, जबकि 5 मवेशियों के कंकाल और 3 मवेशी घायल अवस्था में पाए गए।
घायल मवेशियों का मौके पर ही इलाज कराया गया। मृत मवेशियों और कंकालों का पंचनामा किया गया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, पशु चिकित्सक, हल्का पटवारी और पुलिस बल मौजूद थे। घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा तैयार किया गया और मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराने के लिए तहरीर वरिष्ठ पशु चिकित्सक, जांजगीर को सौंपी गई।
इसके बाद ग्राम पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों की उपस्थिति में मृत मवेशियों का अंतिम संस्कार किया गया। जांच के दौरान सरपंच, पंचायत सदस्यों और गवाहों के बयान दर्ज किए गए, लेकिन मृत्यु के स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका। प्रथम दृष्टया पुलिस ने माना है कि गोठान की देखरेख में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते मवेशियों की मृत्यु हुई। इस आधार पर पुलिस ने गोठान संरक्षक के खिलाफ धारा 325 भारतीय दंड संहिता एवं धारा 11(1)(क) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।

RO No. 13467/11